अधूरे ख्वाब


"सुनी जो मैंने आने की आहट गरीबखाना सजाया हमने "


डायरी के फाड़ दिए गए पन्नो में भी सांस ले रही होती है अधबनी कृतियाँ, फड़फडाते है कई शब्द और उपमाएं

विस्मृत नहीं हो पाती सारी स्मृतियाँ, "डायरी के फटे पन्नों पर" प्रतीक्षारत अधूरी कृतियाँ जिन्हें ब्लॉग के मध्यम से पूर्ण करने कि एक लघु चेष्टा ....

Monday, November 17, 2014

चौखट


बकईयाँ चलने से लेकर 
किशोर वय तलक ......
दरवाज़े के उसपार जाने से पहले ही 
पीछे से इक आवाज़ उभर आती 
"हां.. हां ...चौउखट संभार के "
जो चोट तब घुटने में लगती 
किशोर वय में वोही चोट 
दिल पर उभर आती

उफ़ !! वो चौखट ...
और उसे पार करने की सौ हिदायतें

फिर इसी चौखट को पराया करार कर देना 
और किसी अजनबी चौखट पर 
हिदायतों का खोइंछा बाँध 
विदा करना और यह कहना कि
"इस चौखट पर डोली उतरीं है 
अब अर्थी भी यही से उठेगी" 
चौखट के दायरे को पहाड़ बना देती

अब, माँ जब मेरी किशोर होती 
बेटी की अल्हड़ता देखती है 
तब चिंता पूर्ण स्वर में कहती है 
" बेटी, अब ये बच्ची नहीं रही
इसे अब कुछ सऊर सिखाओ 
नहीं तो कभी भी ठोकर खा जाएगी "

और मैं मुस्कुराते हुए 
माँ का हाथ हौले से दबा कर कहती हूँ ..
"माँ ! अबके घरों में चौखटें नहीं होती 
इसलिए अब वो मजे से लांघ जातीं हैं एवरेस्ट भी "
और फिर माँ की गहरी चिंता,
हलकी मुस्कान में बदल जाती है !!
~s-roz~
बकईयाँ=crawling 
खोइंछा =दुल्हन या सुहागिन को विदाई के समय शुभ-मंगल दायनी स्वरूप उनके आँचल में हल्दी,दूब.और चावल दिया जाता है !

Wednesday, November 5, 2014

बिसुखी गईया


दूध की नदी जब

शिराओं में सूखने लगती है

और थन उसके सिकुड़ने लगते हैं

तब वो बेदखल हो जाती है

अपने ही परिवार से

 

वृद्धाश्रम ...............

अभी बना नहीं है उसके वास्ते

तभी तो ......वो मनहूस सी

गली मोहल्ले भटकते हुए

चर जाती है ....कूड़े में पड़े

बासी अख़बार की 

मनहूस ख़बरों को

 

 

और फिर ....

जीवन के चौराहे पर

बैठ जुगाली करते

खो जाती है

अपने स्वर्णिम अतीत में

जहाँ उसका गाभिन होना

रम्भाना, बियाना

एक उत्सव था !

 

याद आती है उसे

वो बूढी मलकाइन

जो अब नहीं रही ....

जिसकी आँखों में

उसकी पूंछ पकड़

वैतरणी पार करने की लालसा थी

 

याद करती है

अपनी पुरखिनो को

जिसकी पीठ पर बांसुरी बजा

सांवरे ने ब्रम्हांड डुला दिया था

 

जुगाली के बंद होते ही

वर्तमान उसे ....

देह व्यापार के लिए

कत्लगाह का रास्ता दिखाता है

वो इससे भय खाए

इसके पहले ही

 

कोई खीजते हुए

उसकी पसलियों में कुहनी मार

"परे हट" कहते हुए

चौराहे से हांक देता है 

Wednesday, October 8, 2014

तेरी कहानी


रेज़ा-रेज़ा सारे हर्फ़ 
मेरे लफ़्ज़ों में .....
लफ्ज़ मानी में 
और मानी ...
तेरी कहानी में 
तब्दील हो जाते हैं
मेरा ....फिर कुछ
मेरा नहीं रह जाता !!

Saturday, October 4, 2014

ग़ज़ल


अपनी बेरुख़ी से खुद ही खफा हूँ मैं न मिल मुझसे ज़माने की हवा हूँ मैं

तुझसे न मिलने का क्यूँ हो मलालतस्सव्वुर में मिलती कई दफ़ा हूँ मैं

खरीद न पाओगे बाज़ार से अब तुमक़ीमत नहीं जिसकी वो वफ़ा हूँ मैं

गर करते हो कारोबार रिश्तों में भीक्या हासिल न नुकसान न नफ़ा हूँ मैं राह-ए-कुफ़्र से न डरा मुझको 'रोज़'ज़िन्दगी की ज़ानिब बेपरवा  हूँ मैं s-roz

Sent from Samsung Mobile

Sunday, June 22, 2014

"चीख़ "


आज हम सभी के रगों में हैं, च्यूंटीयां रेंगती 
मगर कोई ....कहीं जुम्बिश नहीं होती

ख़ामोशी है कि भीतर ही भीतर काटती है 
बेचारगी भी भीतर दीमक सी चाटती है

फिर भी, ज़ुबानों की मुंडेरों से 
आवाज़ें वापिस हलक़ में लौट जातीं हैं

इंसानों की बस्ती है या के 
ज़िंदा क़ब्रिस्तान में कब्रें दम साधे पड़ी हैं ?

जी चाहता है के ....
इस नज़्म की मिटटी से इक गुल्लक बनाऊं 
और उसमे .....

वो जो कोने में सिमटी सिसकती है
नहीं जानती यहाँ सभी के जज़्बात सोये हैं 
मैं उसकी सिसकियाँ भर लूं

वो जो दर्द से बेज़ार कराहता है 
नहीं जनता इस मक़तल में कोई मरहम नहीं रखता 
मैं उसकी कराहटें भर लूँ

वे जो कानों में फुसफुसाते हैं 
नहीं जानते यहाँ सब बहरे हैं 
मैं उनकी फुसफुसाहटें भर लूँ

उनके पेट जो भूख से ऐंठतें हैं 
नहीं जानते यहाँ पेटभरना रईसों का शौक़ है 
मैं उनकी ऐठन भर लूँ

ज़ाहिर सी बात है 
गुल्लक में ये मुख्तलिफ़ आवाज़ें मिलकर 
चीख़ में तब्दील होगी 
फिर मैं ...................
इस बस्ती के चौबारे पर 
वो गुल्लक को फोड़ूगीं
यक़ीनन इन मुर्दा जिस्मों में 
कुछ हरक़त तो होगी 
कुछ हरारत तो होगी

!! 
~s-roz~


Monday, May 19, 2014

" बागबानी "

तुमसे मिले वो कीमती पल 
लौट के ना आयेंगे कल 
ये सोच कर
मैंने उन्हें बो दिया
ख्वाब की क्यारीयों में
उन्हें संजो दिया
और तभी से ........
उन नर्म लम्स की हरारत 
इन लम्हों को सींचती है 
वो हंसी तब्बसुम 
गुंचे बन खिल उठते हैं 
वो एहसास 
उन बोये हुए 
लम्हों की उपज
बढ़ा देती है 
यक़ीन जानो...
तसव्वुर के बागान में 
बागबानी के अपने मजे हैं 

जाना ............!
हो जो कभी फुर्सत 
तो सैर को आ जाना !!
 
~s-roz~

Friday, May 16, 2014

प्रतिध्वनित स्वर

प्रतीक्षा की शिला पर 
खड़ी हो
बारम्बार 
पुकारती रही तुम्हे 
वेदना की घाटियों से 
विरह स्वर का 
लौटना 
नियति है 
किन्तु, तुम 
उन स्वरों को 
शब्दों में पिरो कर 
काव्य से .....
महाकाव्य रचते रहे 
मैं मूक होती गयी 
और तुम्हारी कवितायें 
वाचाल 
मैं अब भी अबोध सी 
खड़ी हूँ 
उसी शिला पर 
कि कभी तो 
प्रतिध्वनित स्वर 
मेरे मौन को 
मुखरित करने 
पुन: आवेंगे
!!!
~s-roz~